इज्जतनगर पुलिस के लिए सहारा मैदान लकी
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ऐसे कई स्थान हैं जो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जाने जाते हैं। इनमें सहारा मैदान और विलयधाम चौराहा सबसे खास हैं। फरवरी में सहारा मैदान पर मुठभेड़ में तीन गोतस्कर पकड़े गए। मई में पुलिस की भिड़ंत सहारा मैदान पर लुटेरों से हुई। इसमें स्कूटी सवार दो बदमाश गिरफ्तार हुए। बदायूं निवासी लुटेरे हबीबुल को विलयधाम से गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली पुलिस का अखाड़ा बना इस्लामियां मैदान
कोतवाली क्षेत्र स्थित इस्लामिया मैदान अक्सर पुलिस मुठभेड़ को लेकर चर्चा में रहता है। रिकॉर्ड के मुताबिक, जुलाई में तीन टप्पेबाजों से पुलिस की मुठभेड़ इस्लामिया मैदान में बने खंडहर में हुई थी। हालांकि इस्लामिया मैदान काफी व्यस्त रहता है लेकिन पुलिस अक्सर फर्द में लिखती है कि वहां चोरी की बाइक व अन्य सामान छुपा रखा था। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में कुछ खास स्थान गिरफ्तारी के लिए प्रसिद्ध हैं। कोतवाली पुलिस तस्करों की गिरफ्तारी रेलवे स्टेशन के आसपास करती रही है। इसके अलावा जंक्शन से चौपुला रोड से भी गिरफ्तारी दिखाती है।
कुदेशिया पुल पर होता है प्रेमनगर पुलिस का गुडवर्क
प्रेमनगर पुलिस के गुडवर्क का पुल कुदेशिया पुल से बनता है। अक्सर कुदेशिया पुल के नीचे और पास स्थित आरपीएफ बैरक वाले इलाके से प्रेमनगर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी दिखाती है। मई में भांग की दुकान की आड़ में अफीम बेचने वाले दो लोगों को आरपीएफ बैरक के पास से गिरफ्तार किया था। दिसंबर 2024 में प्रेमनगर पुलिस लुटेरों से आरपीएफ बैरक के पास मुठभेड़ कर चुकी है। रेलवे में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी भी कुदेशिया पुल से दिखाई थी।
बारादरी के गुडवर्क में 99 बीघा मैदान का रहता जिक्र
बारादरी क्षेत्र में सम्राट अशोकनगर रोड स्थित 99 बीघा मैदान से अक्सर गिरफ्तारी दिखाई जाती है। पुलिस कई तस्करों से इस स्थान पर मुठभेड़ कर चुकी है। पुलिस का बदमाशों से मुकाबला मुचैटा भरतौल हरुनगला रोड पर भी अक्सर होता है। निजी मेडिकल के पीछे वाले रास्ते पर भी पुलिस कई बदमाशों को पकड़ चुकी है। नागपंचमी मेला ग्राउंड और वनखंडीनाथ मंदिर रास्ते से भी बारादरी पुलिस गिरफ्तारी दिखाती है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराधी की गिरफ्तारी व माल की बरामदगी होता है। आमतौर पर अपराधी सुनसान स्थानों पर छिपते हैं। इसलिए पुलिस भी ऐसे ही स्थानों पर ज्यादा सक्रिय रहती है। संभवत: इसी वजह से कुछ स्थानों से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई होंगी। फिर भी अगर कोई विसंगति है तो उसे दिखवाया जाएगा।