दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा के पास स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग शुक्रवार को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया। वाहनों को डायवर्ट कर स्टेट हाईवे और जिला मार्गों से पास कराया गया तो शुक्रवार को दिन भर नेशनल हाईवे समेत जिले के सभी चार स्टेट हाईवे भीषण जाम की गिरफ्त में आ गए। हजारों वाहन फंसे रहे।
अभी और दो दिन शनिवार और रविवार को भी हालात इसी तरह बने रहने की आशंका है। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। शुक्रवार को जलालाबाद, कांट, मिर्जापुर, जैतीपुर, मदनापुर, कटरा, जरीनपुर, निगोही में दिन भर जाम लगा रहा।
रेलवे के हुलासनगरा रेल क्रॉसिंग नंबर 343 पर स्लीपर और पटरी बदलने का काम प्रस्तावित था। काम कराने के लिए क्रॉसिंग पर नवंबर के पहले सप्ताह में ही ब्लॉक प्रस्तावित था, लेकिन दिवाली और छठ पूजा के चलते ट्रैफिक का ज्यादा दबाव होने की वजह से इसे आगे बढ़ा दिया गया। क्रॉसिंग पर ट्रैक मरम्मत का काम शुक्रवार को शुरू हो गया जो रविवार तक चलेगा। इस दौरान नेशनल हाईवे के इस क्रॉसिंग से सभी तरह के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
शुक्रवार को पहले दिन लखनऊ से बरेली की ओर जाने वाले ट्रक, डीसीएम समेत भारी वाहनों को बरेली मोड़ से डायवर्ट कर कांट, जलालाबाद, मिर्जापुर, कलान से बदायूं होते हुए डायवर्ट किया गया। बरेली से शाहजहांपुर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को कसरक रेल क्रॉसिंग होते हुए कटरा, तिलहर होते हुए पास किया गया।