पीलीभीत। डिपो से संचालित दिल्ली रूट पर चलने वाली एसी बस को दिन में बरेली से ही वापस कर दिया जा रहा है। बरेली सैटेलाइट बस अड्डे पर समय नहीं मिलने पर यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं, डिपो को भी रोजाना 50 हजार रुपये व महीने में 15 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। इसके बाद भी अफसर बेपरवाह बने हुए हैं।
स्थानीय डिपो से 113 बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें सबसे अधिक बसें दिल्ली मार्ग पर संचालित हैं। अनुबंध पर लगी दो एसी बसों का समय समाप्त होने के बाद यात्रियों को एसी बस नहीं मिलती थी, जिनको बरेली पहुंचकर एसी बस पकड़नी पड़ती थी। विभागीय पत्राचार के बाद उच्चाधिकारियों ने हाल में पीलीभीत डिपो को दो एसी बसें भेजीं। इन बसों का संचालन दिल्ली मार्ग पर कराए जाने का निर्णय लिया गया।
एसी बसों के लिए बरेली सैटेलाइट बस स्टैंड पर समय दिया जाता है। इससे इन बसों के संचालन का पूरा विवरण एप्लीकेशन पर अपलोड किया जा सके और यात्री बसों की ऑनलाइन बुकिंग सहित उसका स्टेट्स चेक कर सके। पीलीभीत डिपो से रात के समय संचालित हो रही 11 बजे की बस को समय दिया जा रहा है, जबकि सुबह 11.45 पर जाने वाली बस को समय नहीं दिया जा रहा है। इससे घंटों इंतजार के बाद बस को वापस पीलीभीत डिपो लाना पड़ रहा है। इससे यहां से जाने वाले यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संवाद
उच्चाधिकारियों को भेजा पत्र : एआरएम
एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि सुबह जाने वाली बस को सैटेलाइट बस अड्डे पर समय नहीं दिया जा रहा है। इसमें सुधार के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।