बिशारतगंज। रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार रात क्रॉसिंग खोलने को लेकर वाहन चालकों ने हंगामा किया। इस दौरान पीआरवी मौके पर पहुंच गई, जिन्होंने हंगामा करने वालों का वीडियो बनाया है।
रात 9:20 बजे ट्रेन पास कराने के लिए क्रॉसिंग बंद किया गया। इसी दौरान बूम के व्हील का तार टूट गया। ट्रेन पास होने के बाद जब काफी देर तक क्रॉसिंग नहीं खुला तो वहां खड़े वाहन चालकों ने कारण जानना चाहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूछने पर गेटमैन ने कारण बताने के बजाय उल्टी-सीधी बातें करनी शुरू कर दीं। वाहन चालकों ने विरोध जताने हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीआरवी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में भी गेटमैन की अभद्रता जारी रही। पुलिस ने मौके की वीडियो बनाई। काफी देर बाद हंगामा शांत हुआ। रात 12.30 बजे के बाद क्रॉसिंग ठीक हो सकी।
लोगों का कहना है कि रेलवे केबिन पर अक्सर नशेड़ी गेटमैन की ड्यूटी लगाई जाती है। केबिन के अंदर बैठकर लोगों को शराब पीते देखा जाता है। उत्तर रेलवे के टीआई बरेली सत्यवीर सिंह ने बताया कि क्रॉसिंग का तार टूटने की जानकारी मिली थी। तीन घंटे तक क्रॉसिंग गेट प्रभावित हुआ। संवाद