बरेली कॉलेज में प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों के पास पहुंच रही कॉल
बरेली। बरेली कॉलेज में विद्यार्थियों का एडमिशन होने के बावजूद भी निजी कॉलेज से उनके पास कॉल पहुंच रही है। मामला छात्र नेताओं तक पहुंचने पर उन्होंने निजी कॉलेजों द्वारा विद्यार्थियों का रिकॉर्ड चोरी करने का आरोप लगाते हुए प्रकरण की जांच की मांग विवि प्रशासन से की है।
छात्रनेता रवि पंडित ने बताया कि कई छात्रों ने उन्हें कॉल की जानकारी दी। जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को एक निजी कॉलेज का बताते हुए संबंधित छात्र की सीट उनके कॉलेज में लॉक होने की बात कह रहा है। यह स्थिति तब है जब विद्यार्थी ने उन कॉलेजों में आवेदन ही नहीं किया। न ऑनलाइन और न फिजिकल। आशंका जताई कि उनका शैक्षणिक और अन्य रिकॉर्ड चोरी कर सीट लॉक की जा रही है। रवि पंडित ने कहा कि अगर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ और निजी कॉलेज इन हरकतों से बाज नहीं आए तो वे कोर्ट में मुकदमा दर्ज करेंगे।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन से निजी कॉलेज और सरकारी कॉलेजों में अब तक हुए प्रवेश का मिलान कराने की मांग की, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। संबंधित कॉलेज से इसकी पुष्टि के प्रमाण मिले कि विद्यार्थी का रिकॉर्ड उनके पास है तो वे मान्यता रद्द करने की याचिका दायर करेंगे। अमर उजाला ब्यूरो