बरेली। जनप्रतिनिधियों की राय विकास कार्यों में जरूर लें और उनकी प्राथमिकता के आधार पर कामों को चिह्नित कर अधिकारी प्रस्ताव दें। 15 सितंबर तक हर हाल में शिलान्यास कराएं। यह निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस में मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में अफसरों को दिए।
मुख्यमंत्री की एक घंटे पांच मिनट तक चली बैठक में फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर रहा। उन्होंने कहा कि नगर निकायों द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों के शिलापट्ट पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि का नाम जरूर अंकित हो। मुख्यमंत्री ने नाथ कॉरिडोर योजना को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। सभी विधायकों से उनके क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जरूरत पर सीधे संवाद किया।
अधिकारियों से कहा कि किसी भी परियोजना के प्रस्ताव से पहले जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श अनिवार्य है। मुख्यमंत्री ने सभी अफसरों को निर्माण कार्यों को समय से पूरा कराने की हिदायत दी। कहा कि विकास कार्य ऐसे हों कि क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियां दूर हों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरेली मंडल में इंटरस्टेट कनेक्टिविटी से जुड़े सभी कार्यों को विधायकों की अनुशंसा के आधार पर पहले चरण की कार्ययोजना में शामिल करें। नगर विकास विभाग किसी भी परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन लें। बैठक में बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के भाजपा के जनप्रतिनिधि शामिल थे। संवाद
योजनाएं बनाना ही लक्ष्य नहीं, क्रियान्वयन भी हो
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि केवल योजना बनाना ही हमारा लक्ष्य नहीं होना चाहिए। उनका समय से जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन भी हो। जनप्रतिनिधियों के अनुभवों और क्षेत्रीय इनपुट को नीति निर्धारण का आधार बनाएं। इसके लिए जवाबदेही तय होगी, तकनीक का प्रभावी ढंग से उपयोग करें। हिदायत दी कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। जनप्रतिनिधियों से कहा कि अपने क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की निगरानी करें।
ये रहे मौजूद
बैठक में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, राज्य मंत्री संजय गंगवार, मंडल के भाजपा विधायक, पीडब्ल्यूडी प्रमुख सचिव अजय चौहान, प्रमुख सचिव नगर विकास अभिजात, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश कुमार सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य के साथ ही अन्य अधिकारी भी थे।
सीएम की बैठक में सपा के विधायक नहीं पहुंचे
विकास कार्यों से संबंधित मंडल के जनप्रतिनिधियों की बैठक में समाजवादी पार्टी के बहेड़ी और भोजीपुरा के विधायक नहीं पहुंचे। इस संबंध में पूछे जाने पर भोजीपुरा के सपा विधायक सहजिल इस्लाम ने कहा कि पिछली बार मुख्यमंत्री की बैठक की सूचना मिली थी तो मैं शामिल हुआ था। इस बार जिले से बाहर था और दोपहर बाद वापस आया तो क्षेत्र में निकल गया।