बहेड़ी। मेडिकल स्टोर पर छापा मार करवाई कर जांच करती औषधि विभाग की टीम।
बहेड़ी। औषधि विभाग की टीम ने तहसील में छापा मारकर नगर के एक अस्पताल व मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा, जहां कई खामियां मिलीं। टीम ने दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया है। एक मेडिकल स्टोर में दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाई गई है। इस अभियान के दौरान कई संचालक अपने-अपने मेडिकल स्टोर को बंद कर भाग गए। अब विभाग की टीम इन भागने वाले स्टोर संचालकों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
सूचना पर सहायक आयुक्त औषधि एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि निरीक्षक राजेश कुमार एवं अनामिका अंकुर जैन ने विभागीय टीम के साथ छापा मारकर कार्रवाई की। इसमें शोभित मेडिकल स्टोर, सहर मेडिकल स्टोर व सहर हॉस्पिटल की सघन जांच की गई। इसमें दोनों मेडिकल स्टार्स की मौके पर जिन दवाओं के बिल नहीं दिखाए गए। उनकी बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाई गई है। शोभित मेडिकल स्टोर से सात संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि विभाग कार्रवाई करेगा। सहर मेडिकल स्टोर पर दवाओं के क्रय विक्रय पर रोक लगाने के बाद सहायक आयुक्त औषधि बरेली मंडल को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।
दुकानें बंद कर भागने वालों पर करेंगे कार्रवाई
औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई पूरी तहसील में जारी रहेगी। छापे के दौरान क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोर संचालक जो दुकान बंद करके भाग गए हैं, उनको चिह्नित करके शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी। संवाद