बरेली। बरेली बार एसोसिएशन के सचिव पद पर एक बार फिर दीपक पांडेय निर्वाचित हुए। उन्होंने 24 मतों से गौरव सिंह राठौर को शिकस्त दी। बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हुआ था। मंगलवार को हंगामा और हाथापाई के बीच मतगणना हुई। सचिव को छोड़कर अन्य सभी पदों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए थे। विवाद के बीच तीन बार मतगणना के बाद भी सचिव पद पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। बुधवार को फिर मतगणना के बाद दीपक पांडेय को निर्वाचित घोषित किया गया।
बुधवार को मतगणना शुरू होने के साथ ही बार भवन अखाड़े में तब्दील हो गया। सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू हुई और अपराह्न दो बजे परिणाम घोषित कर दिया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव जयपति ने बताया कि सचिव पद पर दीपक पांडेय और गौरव राठौर के बीच मुकाबला रोमांचक रहा। इसलिए मंगलवार को तीन और बुधवार को दो बार मतों की गिनती करनी पड़ी। दीपक पांडेय ने महज 24 वोटों के अंतर से गौरव सिंह राठौर को शिकस्त दी है। बुधवार को निर्वाचन मंडल ने अंतिम निर्वाचन सूची जारी कर दी। संवाद
प्रबंध कार्यकारिणी में चुने गए ये अधिवक्ता
प्रबंध कार्यकारिणी वरिष्ठ : दीप्ति सक्सेना, अजय कुमार मौर्य, नाजमा परवीन, आदित्य कुमार सक्सेना, गायत्री और लोकनाथ।
प्रबंध कार्यकारिणी कनिष्ठ : हेमंत सिंह, पूजा साहू, रविकर यादव, विनीत सक्सेना, मध्यम सक्सेना और रोहित गंगवार।
बार परिसर में जीत का जश्न, ढोल-नगाड़ों पर झूमे अधिवक्ता
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ता जश्न में डूब गए। बार परिसर में दिनभर ढोल-नगाड़े बजते रहे, मिठाई वितरण का दौर चलता रहा। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी प्राथमिकताएं तय करनी शुरू कर दी हैं।
उप चुनाव में भी दीपक और गौरव के बीच हुई थी टक्कर
जून 2025 में बरेली बार एसोसिएशन के सचिव वीपी ध्यानी के आकस्मिक निधन के बाद सचिव पर जुलाई में उप चुनाव कराया गया था। इस चुनाव में भी दीपक पांडेय और गौरव राठौर के बीच कांटे की टक्कर हुई थी। दीपक पांडेय ने महज 20 वोट से गौरव सिंह राठौर को हराया था। उप चुनाव के परिणाम भी बुधवार के दिन ही घोषित किए गए थे। दीपक पांडेय बरेली बार के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।