हाफिजगंज/भड़सर। थाना क्षेत्र के गांव में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
थाना हाफिजगंज के गांव भटपुरा जागीर निवासी राजपाल का पुत्र देवेंद्र कुमार (28) बरेली निवासी विशाल सिंह के खेत पर बन रहे कमरे की देखभाल के लिए चौकीदारी करता था। शनिवार सुबह चार बजे देवेंद्र कुमार घर से उठकर खेत पर बन रहे कमरे की रखवाली के लिए गया था। कुछ देर बाद गांव के ही संतोष कश्यप वहां से गुजर रहे थे, जिन्होंने गांव में माइनर की पुलिया के पास देवेंद्र कुमार का शव देखा और परिजनों को अवगत कराया। सूचना पर थाना अध्यक्ष जगत सिंह नवाबगंज क्षेत्र अधिकारी, चौकी इंचार्ज रिठौरा गौरव सिंह मौके पर पहुंच जांच की।
भाई गोविंद कुमार, केशव कुमार के बाद देवेंद्र कुमार सबसे छोटे थे, जो अविवाहित थे। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। संवाद