बरेली। व्यापारियों की शिकायत के बाद रविवार को अवकाश के बावजूद नगर निगम की टीम शील चौराहे के सामने दुकानाें का बचा अतिक्रमण तोड़ने पहुंच गई। कई दुकानदारों ने सुबह से ही कब्जा हटा लिया था। बाकी जेसीबी से ढहा दिया गया।
टीम ने दुकानों की नापजोख कर चबूतरे और टीन शेड हटवाए। इस दौरान नगर निगम के रामसिंह जाटव और जगपाल पटेल साथ रहे। बता दें कि बीते रविवार को अतिक्रमण अभियान के दौरान कई दुकानाें को नगर निगम ने छोड़ दिया था। तर्क था कि ज्वेलरी की दुकान होने के चलते मोहलत मांगी गई थी। बुधवार को दोबारा अभियान में भी इनका अतिक्रमण हटाया नहीं गया। इस पर कुछ व्यापारियाें ने नगर निगम अधिकारियाें पर आरोप भी लगाए। शनिवार को व्यापारियाें ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के साथ पहुंचकर नगर आयुक्त से कार्रवाई न करने का कारण पूछा तो नगर आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दे दिया।
पार्किंग स्थल को भी मुक्त कराया
बाजार में पार्किंग स्थल पर भी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा था। यहां जेनरेटर से लेकर काफी सामान डंप था। जेसीबी चलाकर टीम ने इसे खाली करवाया।
छूट गए पसीने
अतिक्रमण हटाने में टीम के पसीने छूट गए। ज्वेलरी की दुकानाें के सामने लोहे के एंगल लगवाए गए थे। कंक्रीट के चबूतरे और शीशे के दरवाजे भी लगाए गए थे।