बदायूं रोड पर हुई घटना, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, दोस्त भी घायल
आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट, मोहल्ले के ही तीन नामजद, बाकी अज्ञात
बरेली। मढ़ीनाथ में रहने वाले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व सुरक्षा प्रभारी डॉ. दुर्वेंद्र सिंह के बेटे मोहित यादव और उनके दोस्त अजय को सात-आठ लोगों ने हॉकी, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मोहित के भाई रोहित ने मोहल्ले के ही विक्की यादव, विशाल ठाकुर, लालू उर्फ रॉकी और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सुभाषनगर में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दुर्वेंद्र सिंह रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी के पद से रिटायर्ड हैं। उनके बेटे रोहित के मुताबिक रविवार को वह अपने भाई मोहित यादव और मोहल्ले के ही अजय के साथ बदायूं रोड स्थित एक दुकान पर पेंट खरीदने की बात करने गए थे। बातचीत के बाद मोहित और अजय बाइक से पहले ही निकल आए, वह उनके पीछे-पीछे आ रहे थे।
रोहित के मुताबिक रास्ते में चौरासी घंटा मंदिर के पास सिंह धर्मकांटे के सामने विक्की यादव, विशाल ठाकुर, लालू उर्फ रॉकी और चार-पांच अज्ञात लोगों को उन्होंने मोहल्ले के ही बौरा के साथ मारपीट करते देखा तो मोहित और अजय ने बीचबचाव करना शुरू कर दिया। इस पर आरोपियों ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। हॉकी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार करने से दोनों लहूलुहान हो गए। भीड़ इकट्ठी होने के बाद आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने कब्जे में ली सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने दोनों घायलों को बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से गंभीर हालत होने की वजह से बाद में मोहित को दिल्ली ले जाया गया। वहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। मारपीट के दौरान मोहित की आंख और नाक की हड्डी और दो पसली भी टूट गई हैं। सिर में भी गंभीर चोटें लगी हैं। मारपीट की यह पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने उसकी फुटेज कब्जे में ले ली है।