फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: 12 दिन से लापता युवक का शव मिला, परिवार ने किया हंगामा

Sun, 08 Oct 2023 01:48 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदपुर (बरेली)। 12 दिन से लापता धौरेरा गांव निवासी युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद मिलने पर परिजनों ने हंगामा किया। युवक के साथियों पर हत्या और पुलिस पर तलाश में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। आधी रात तक गांव में पुलिस तैनात थी।
विज्ञापन

धौरेरा गांव निवासी राजेंद्र 26 सितंबर को सुबह सात बजे मजदूरी करने बाइक से फरीदपुर गए थे। शाम को वह साथियों के साथ नगर की एक दुकान पर शराब लेने गए। वहां से लापता हो गए। परिजनों ने तलाश की मगर कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 29 सितंबर को फरीदपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजनों ने साथियों पर संदेह जताते हुए भी तहरीर दी।
पुलिस ने साथियों से पूछा तो उन्होंने शराब पीने के बाद राजेंद्र के चले जाने की बात कही। शनिवार को बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान अज्ञात युवक की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने उसका फोटो पुलिस को भेजा। यह फोटो जिले के सभी थाने को भेजा गया। फरीदपुर पुलिस ने गुमशुदगी रजिस्टर में राजेंद्र के फोटो से मिलान कर परिजनों को बुलाया तो उन्होंने शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम के बाद रात में वह शव लेकर घर पहुंचे तो वहां अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। फरीदपुर सीओ गौरव सिंह एवं फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर दयाशंकर, इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह समेत भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
विज्ञापन


परिवार बोला- पुलिस सक्रियता दिखाती तो बच जाता राजेंद्र
परिजनों के मुताबिक अस्पताल प्रशासन ने बताया कि राजेंद्र को 26 सितंबर को एक एंबुलेंस से भर्ती कराया गया था। वह बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर पड़ा मिला था। उन्हें लगता है कि साथियों ने ही कोई साजिश रची जिससे ऐसा हुआ। फिर दरोगा से लेकर इंस्पेक्टर तक उन्हें टहलाते रहे। आरोपियों को सामान्य पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। सही से तलाश की होती तो राजेंद्र जीवित मिल जाता और वह लोग सही इलाज करा लेते। कहा कि आरोपियों पर रिपोर्ट और दरोगा के निलंबित न होने तक वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
-
सीओ बोले- पहले से दर्ज है साथियों पर रिपोर्ट
सीओ गौरव सिंह ने बताया कि राजेंद्र के साथियों पर तीन दिन पहले उसे अगवा करने की रिपोर्ट लिखी जा चुकी है, उनका अपराध मिलेगा तो जेल भेजा जाएगा। बताया कि सिर में चोट से राजेंद्र की मौत हुई है। शायद वह हाइवे पर किसी हादसे का शिकार हो गया। पहचान होते ही परिवार को बताया भी गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें