फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे पर गांव टिसुआ के मेन चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त करवाई और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवाया है। युवक की पहचान 32 वर्षीय शानू निवासी नौगवा थाना फरीदपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी तो थाने में शानू का छोटा भाई सनोज शर्मा पहुंचा। शानू के भाई सनोज ने बताया कि उसके भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह दो दिन पहले मीरानपुर कटरा की प्लाईबोर्ड फैक्टरी में मजदूरी करने की बात कहकर घर से आया था। इसकी जानकारी नहीं है कि टिसुआ कैसे पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि टिसुआ के लोगों ने बताया कि बुधवार रात में भी कुछ लोगों ने शानू को घूमते हुए देखा था। शानू के दो छोटे बच्चे हैं, जो कि अपनी मां के साथ बरेली ननिहाल में गए हुए थे। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि युवक का शव मिला था। परिजनों की सूचना के बाद पोस्टमाॅर्टम कराया है। संवाद