लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा टाइगर बफर जोन की वन रेंज धौरहरा के सिपाहीपुरवा गांव के बाहर गन्ने के खेत में एक मादा तेंदुए का शव मिला है। तेंदुए के सीने व गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। वन अधिकारियों ने बताया कि आपसी संघर्ष में मादा तेंदुए की मौत हुई है।
सोमवार की सुबह करीब आठ बजे वन रेंज धौरहरा के सिपाहीपुरवा मजरा अमेठी में गांव के बाहर बुढ़िया नाला के किनारे इमरान पुत्र रफीक निवासी धौरहरा के गन्ने के खेत मे तेंदुए का शव पड़ा मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।
मौके पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी निघासन राममिलन, वन दारोगा सत्यप्रकाश, वन दारोगा ऋषभ प्रताप सिंह, वन दारोगा लकी सिंह, ब्रजेश शुक्ला ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर वन रेंज धौरहरा ले आए
जहां पर डॉक्टरों की टीम से तेंदुए का पीएम कराया जा रहा है। वन दरोगा सत्यप्रकाश ने बताया कि आपसी संघर्ष में तेंदुए की मौत हुई है। पीएम रिपोर्ट में आने पर ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।