गुलडिया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मौसमपुर निवासी हरपाल के 18 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र का शव शनिवार सुबह पड़ोसी गांव हथिनीभूड़ के खेतिहर इलाके में पेड़ पर लटका मिला।
भाई बृजेश ने बताया कि धर्मेंद्र बृहस्पतिवार को पिता के साथ बाइक खरीदने को बदायूं जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह तैयार होकर कहीं निकल गया। देरशाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दो दिन तक परिवार वाले उसे आसपास के गांव व रिश्तेदारियों में खोजते रहे, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। शनिवार सुबह खेत पर जा रहे ग्रामीणों ने उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका देखा तो परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
धर्मेंद्र दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। वह रक्षाबंधन पर घर आया था। सात भाइयों व दो बहनों में छठवें नंबर का था। धर्मेंद्र की मौत के बाद परिजनों का रो-राेकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर मूसाझाग मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति साफ होगी। संवाद