प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को मोबीन अहमद (21) का शव उसके घर की छत पर दुपट्टे से लटका मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबीन अहमद का शव नैनीताल रोड स्थित कोहाड़ापीर छोटे पुल के नीचे अपने घर की छत पर दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। मोबीन का नौ वर्षीय चचेरा भाई पतंग उड़ाने के लिए छत पर गया तो उसने शव देखा और परिजनों को सूचना दी। परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता लगा कि मोबीन को नशे की लत पड़ गई थी।
प्रेमनगर थाना प्रभारी अंजना दहिया ने बताया कि आत्महत्या का मामला लग रहा है। परिवार के सदस्य कोई खास वजह नहीं बता पा रहे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा शुक्रवार को पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। मोबीन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था।