बरेली। सोमवार रात से लापता कार चालक राजेंद्र सिंह का शव मंगलवार सुबह महानगर के मैदान में पड़ा मिला। फोरेंसिक टीम ने मौके से दो जोड़ी चप्पल बरामद की हैं। इनमें से एक जोड़ी चप्पल तो राजेंद्र की हैं, जबकि दूसरी चप्पल किसकी हैं, यह अभी पता नहीं चल सका है। मौके से दो गिलास भी मिले हैं। इसी आधार पर परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
इज्जतनगर के गांव धौरेरा माफी निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र सिंह का शव मंगलवार सुबह करीब नौ बजे महानगर के मैदान में पड़ा मिला। उनके ममेरे भाई प्रमोद कुमार ने बताया राजेंद्र मुंशीनगर के एक व्यक्ति की कार से बच्चों को कॉलेज और कोचिंग छोड़ने जाते थे। सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे वह घर से काम पर निकले थे। रात नौ बजे राजेंद्र को फोन किया तो उन्होंने कुछ देर बाद आने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। उनके फोन कॉल की गई तो लगातार घंटी जाती रही, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। मंगलवार सुबह गांव के बच्चे महानगर के मैदान में खेलने गए तो वहां उन्होंने राजेंद्र का शव पड़ा देखा। पुलिस के साथ ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव के पास ही राजेंद्र का मोबाइल और पर्स मिल गया। फोरेंसिक टीम की जांच में मौके पर दो जोड़ी चप्पल और दो गिलास बरामद हुए। प्रमोद ने बताया कि राजेंद्र कभी-कभार शराब पी लेते थे। घरवालों ने शराब में जहर देकर हत्या की आशंका जताई है। मौके से बरामद एक जोड़ी चप्पल राजेंद्र की हैं, पुलिस जांच कर रही है कि दूसरी चप्पल किसकी हैं।