मीरगंज/शाही। पुलिस ने शाही कस्बे में खाली पड़े प्लॉट से बोरे में बंद सड़ा-गला शव बरामद किया है। वहां खेल रहे बच्चों ने कुत्तों को शव नोचते देखा तब लोगों को इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाद में मंदिर और मस्जिद से उद्घोषणा कराई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शाही कस्बे के मोहल्ला मोतीनगर में ईदगाह के सामने मोहम्मद हनीफ का खाली प्लॉट है। मंगलवार को वहां खेल रहे बच्चों ने कुत्तों को वहां पड़े बोरे से एक हाथ और पैर को बाहर खींचते देखा तो आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। शाही एसओ श्याम सिंह भी फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों से मामले की जानकारी ली। शव इस कदर सड़-गल चुका है कि यह पता लगाना भी मुश्किल है कि वह महिला का है या पुरुष का। हाथ-पैर भी अलग हो गए हैं। काफी हिस्सा कुत्ते नोच कर खा गए।
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शव को विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजेगी। उसकी जांच में ही शव के महिला या पुरुष के होने का पता चलेगा। अगर कोई व्यक्ति उसकी पहचान का दावा करेगा तो डीएनए जांच भी कराई जाएगी।