तप रहा पारा बृहस्पतिवार को दो डिग्री बढ़त के बाद 42 डिग्री के पास जा पहुंचा। दिन भर बेतहाशा गर्मी ने लोगों को पसीने से तरबतर कर दिया। मौसम विभाग ने तीन दिन और पारा सामान्य से ज्यादा गर्म रहने और 27 अप्रैल से तपिश से हल्की राहत मिलने का अनुमान जताया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक दोपहर में हवा की गति कम होने से अधिकतम तापमान में बढ़त दर्ज हो रही है। निचले क्षोभमंडल की गर्म हवा और महाराष्ट्र के पास प्रतिचक्रवात के प्रभाव से मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में दो डिग्री की संभावित बढ़त से 24-26 अप्रैल तक लू चलने का अनुमान है।
रात का पारा सामान्य से ज्यादा रहेगा। 26 अप्रैल की शाम पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से रुहेलखंड क्षेत्र में बादल छाएंगे और अनुकूल माहौल बनने पर रिमझिम के आसार हैं। फिर पारा में गिरावट दर्ज होगी और बेतहाशा गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। बृहस्पतिवार को अधिकतम पारा 41.6 डिग्री और न्यूनतम एक डिग्री बढ़त से 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।