बरेली। बारिश, बाढ़, भूस्खलन ने रेलवे को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में कई रेलमार्गों पर कटान और ट्रैक बह जाने की वजह से 16 ट्रेनों को अगले आदेश तक निरस्त किए जाने से भी रेलवे को मोटी चपत लग रही है। निरस्त की गईं ट्रेनों में 14 ट्रेनें टनकपुर, पीलीभीत व लालकुआं रूट की हैं। इनमें दो विशेष ट्रेनें भी शामिल हैं। टनकपुर-नई दिल्ली-टनकपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस को इज्जतनगर से टनकपुर के बीच निरस्त किया गया है। इससे दैनिक यात्री परेशान हैं। रेलवे को भी रोजाना 20 लाख रुपये की चपत लग रही है।
रेलवे ने 05329/30 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी, 05385/86 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी, 05339/40 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी, 05321/22 बरेली सिटी-टनकपुर-बरेली सिटी, 05311/12 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी, 05062/61 टनकपुर-मथुरा-टनकपुर पैसेंजर ट्रेनों को अगले आदेश तक निरस्त कर दिया है। सप्ताह में तीन-तीन दिन चलने वाली 05097/98 टनकपुर-दौराई-टनकपुर विशेष ट्रेन को अनिश्चित काल तक के लिए रद्द किया गया है। इनके अलावा लालकुआं रूट पर 05328 लालकुंआ-बरेली सिटी पैसेंजर को 12, 14, 16 और 05327 बरेली सिटी-लालकुंआ पैसेंजर को 11, 13 व 15 जुलाई को निरस्त किया गया है।
वर्जन
पैसेंजर, डेमू और मेमू ट्रेनों का संचालन यात्रियों की सुविधा के लिए किया जाता है। बारिश, भूस्खलन और बाढ़ के कारण मंडल में अलग-अलग रूटों पर 30 से ज्यादा ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा है। इससे रेलवे को नुकसान हो रहा है। संचालन सामान्य करने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। - संदीप शर्मा, सीनियर डीसीएम