साइबर थाने का उद्घाटन करते एडीजी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
एडीजी ने किया शुभारंभ, डीआईजी के निर्देशन में काम करेगी थाने की टीम
बरेली। सीएम योगी के आदेश पर बरेली पुलिस लाइन में साइबर थाना खोला गया है। सोमवार को एडीजी जोन ने इसका शुभारंभ किया। यहां बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर व पीलीभीत के साइबर अपराध वाले मामलों की विवेचना की जाएगी। तकनीकी रूप से दक्ष स्टाफ को यहां तैनात किया गया है, ताकि तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों पर रोकथाम की जा सके।
एडीजी अविनाश चंद्र ने सोमवार सुबह साइबर थाने का शुभारंभ किया। डीआईजी राजेश पांडेय, एसएसपी शैलेश पांडेय भी यहां मौजूद रहे। एडीजी ने कहा कि बदलते परिवेश में जहां लूट डकैती की वारदातों में कमी आई है। वहीं ऑनलाइन ठगी और अन्य तरह के साइबर अपराध तेजी से बढ़े हैं। अभी तक इस तरह के अपराध थानों में सामान्य तरीके से दर्ज करके विवेचना की जाती थी। अब शासन ने इसके लिए रेंज मुख्यालय पर थाना खोलकर तकनीकी रूप से दक्ष स्टाफ से विवेचना कराने का निर्णय लिया है। रेंज स्तर का यह थाना डीआईजी की निगरानी में चलेगा। पूरी रेंज के बड़े साइबर क्राइम के मामले यहां ट्रांसफर होंगे जिनकी गुणवत्तापूर्ण विवेचना की जाएगी।
डीआईजी ने कहा कि पूरी रेंज के मामले यहां आने से गैंग को ट्रेस करने और तत्परता से मामलों के निस्तारण का रास्ता खुलेगा। थाने की टीम पूरे रेंज में कार्रवाई के लिए स्वतंत्र होगी, जरूरत पर संबंधित थानों की पुलिस की मदद लेगी। बरेली के साथ ही बदायूं, शाहजहांपुर व पीलीभीत के मामले यहां ट्रांसफर होंगे। फिलहाल पीलीभीत से इंस्पेक्टर अनिल कुमार को बुलाकर थाने का प्रभारी बनाया गया है। बाकी अधिकांश स्टाफ बरेली के थानों व पुलिस लाइन से लिया है।