कोतवाली इलाके में साइबर ठगों ने स्वास्थ्य विभाग की एक सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी सुनीला शर्मा को डिजिटल अरेस्ट कर अस्सी लाख बीस हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल भेजने की धमकी देकर महिला को करीब पंद्रह दिनों तक व्हाट्सएप कॉल पर डराए रखा।
साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सुनीला शर्मा ने साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि वे सिविल लाइन्स स्टेशन रोड की निवासी हैं और घर पर अकेली रहती हैं। 26 अक्तूबर को उनके मोबाइल फोन नंबर पर एक कॉल आई थी।
कॉलर ने कहा कि उनके बैंक खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का रुपया आया है। इसके बाद उन्हें लगातार जेल भेजने का डर दिखाया गया। आरोपियों ने उन्हें व्हाट्सएप फोन पर लगातार जुड़े रहने और किसी को कुछ न बताने की हिदायत दी। डर के कारण महिला ने आरोपियों के बताए खातों में अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर कर दी। कुल मिलाकर अस्सी लाख बीस हजार रुपये की ठगी की गई। अब साइबर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।