अमेरिका में शानदार नौकरी छोड़कर बरेली स्थित घर लौटे इंजीनियर से निवेश के नाम पर करीब 96 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
इज्जतनगर की महानगर कॉलोनी निवासी इंजीनियर ओमप्रकाश राय ने साइबर क्राइम थाना जाकर इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि उनके पास पांच अगस्त को अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर मेसेज आया। इसमें ट्रेडिंग में निवेश करने पर मोटे मुनाफे का झांसा दिया गया। उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कुछ समय बाद मुनाफे का झांसा देकर उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया गया।
झांसे में आकर ट्रांसफर कर दी रकम
इंजीनियर ने बताया कि उन्हें एफ 753 अरिहंत कैपिटल इंटरनल नाम की आईडी पर जोड़कर निवेश करने के लिए कहा गया। साइबर ठगों ने एक लिंक भेजा। लिंक खोलने पर ट्रेडिंग खाता खुलवाया गया। इससे वह झांसे में आ गए और 95,83,446 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
विज्ञापन
इसके बाद 2,65,000 रुपये का लाभ दिखाया गया। लाभ के रुपये निकालने की कोशिश करने पर जब वह नहीं निकले तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि इंजीनियर की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनके खातों से भेजी गई रकम रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है।