बरेली। सीसीटीवी कैमरा वापस करने के बाद 2899 रुपये वापस दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने पवन विहार निवासी अशोक कुमार के खाते से 99 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अशोक कुमार का कहना है कि उन्होंने 18 दिसंबर को एक कंपनी से ऑनलाइन से 2899 रुपये का सीसीटीवी कैमरा ऑनलाइन खरीदा था। तकनीकी खराबी के चलते उन्होंने वह कैमरा वापस कर दिया लेकिन उसके रुपये उनके बैंक खाते में वापस नहीं आए। इस पर उन्होंने कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर फोन किया तो बताया कि अगर वह अपने मोबाइल में एनी डेस्क एप डाउनलोड कर लेंगे तो रुपये वापस आ जाएंगे। उन्होंने आरोपी के बताने के अनुसार एप डाउनलोड कर लिया तो उसने एटीएम कार्ड स्कैन करने को कहा। इसके बाद ओटीपी आए बिना ही उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये कट गए। अगले दिन उनके पास दोबारा फोन आया और पेटीएम नंबर बताने पर रुपये वापस आने का झांसा दिया मगर उन्होंने फोन काट दिया। अशोक का आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने बैंक में शिकायत की लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। फिर उन्होंने एसएसपी से शिकायत की तो थाना बारादरी में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।