बरेली। गर्मी का सीजन शुरू होने से पहले शहर में बिजली उपकेंद्रों, लाइनों और फीडरों को दुरुस्त किया जा रहा है। सोमवार को हारुन नगला, जगतपुरा, सिविल लाइंस, शहदाना, कोहाड़ापीर आदि बिजली उपकेंद्रों के कई फीडरों पर लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई के दौरान कई इलाकों में छह घंटे तक बिजली कटौती की गई। इससे 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ता प्रभावित हुए।
सोमवार को शहदाना उपकेंद्र के मठ की चौकी, सिविल लाइंस तृतीय उपकेंद्र के ओल्ड सिटी और कोहाड़ापीर उपकेंद्र के धर्मकांटा फीडरों की आपूर्ति सुबह 11 से शाम चार बजे तक ठप रही। सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र हेलन रोड, बेसू टू फीडर पर सुबह 7:30 से 10:00 बजे और सदर कैंट उपकेंद्र से सुबह 10 से दोपहर दो बजे कटौती की गई। इस दौरान चौकी चौराहा, अयूब खान चौराहा, विकास भवन रोड, गांधी उद्यान रोड, बटलर, सदर बाजार, बीआई बाजार, मदारी पुलिया, वीरांगना चौक आदि क्षेत्रों में आपूर्ति ठप रही। हारुनगला नगला बिजली उपकेंद्र के 11 हजार केवी बाईपास फीडर पर सुबह 11 से शाम चार बजे तक कटौती के कारण शिव गार्डन, महेंद्र नगर, आशीष रॉयल पार्क, सनराइज, नील गगन पार्क और रामगंगा नगर आदि इलाकों में आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा जगतपुर उपकेंद्र की लाइन पर भी आपूर्ति सुबह 11 से शाम पांच बजे तक कटौती की गई।
पुराने शहर के काजी टोला में सोमवार को 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। रमजान के पहले दिन बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। पूर्व पार्षद मुशर्रफ अंसारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे बिजली गुल हो गई। इसके बाद शाम सात बजे के बाद आपूर्ति चालू हो सकी। इसी इलाके में रहने वाले कलीम ने बताया कि रमजान के पहले दिन कटौती और पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से समस्या हुई।