Customers discounted on BS 3 vehicles
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ऑटो मोबाइल बाजार में बूम आ गया। बंद हो रहे बीएस 3 मॉडल के वाहन खरीदने के लिए ग्राहक उमड़ पड़े, क्योंकिे कुछ विक्रेताओं ने छूट का एलान कर दिया था। गुरुवार को कुछ ही घंटों में स्कूटर, मोटरसाइकिल शोरूम से उठ गए। सस्ती गाड़ी पाने के लिए सिफारिशों का दौर भी चलता रहा। कुछ डीलर भीड़ को देखते हुए गेट पर ताला डालने पर मजबूर हो गए और अपना मोबाइल तक बंद कर लिया।
बरेली जिले में ऑटो मोबाइल क्षेत्र में करीब 100 छोटे- बड़े वाहन विक्रेता हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी दो पहिया वाहनाें की रही। वातावरण में जहर घोल रहे ईधन पर लगाम लगाने के लिए बीएस (भारत स्टेज) 4 डीजल पेट्रोल की बिक्री शुरू हो गई है। पिछले कई महीने से ईंधन बीएस 4 बेचा जा रहा है लेकिन वाहन निर्माता के पास इसके लिए वाहन तैयार नहीं थे। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें मौका दिया और सारा स्टॉक 31 मार्च तक निस्तारित करने के निर्देश दिए। उधर, सरकार ने भी पहली अप्रैल से बीएस 3 मॉडल के वाहनाें का पंजीकरण न करने को कहा है। इसे देखते हुए 31 मार्च से पहले ही वाहन खरीदने के लिए लोग टूट पड़े। दोपहर तक शोरूमों पर ग्राहक तो नजर आए लेकिन बीएस 3 स्कूटर मोटर साइकिल स्टॉक में नहीं था। खरीदाराें ने गुरुवार को ही आरटीओ कार्यालय में पंजीकरण के लिए आवेदन भी कर दिया।
स्टॉक खत्म करने के लिए छूट का विज्ञापन
विभिन्न कंपनियां और एजेंसियों ने बीएस 3 का स्टॉक खत्म करने के लिए लंबे चौड़े विज्ञापन चलवाए। नवरात्र में भारी छूट के विज्ञापन से बड़ी तादाद में ग्राहक दो पहिया वाहन खरीदने के लिए पहुंचने लगे। कंपनियों ने यह नहीं बताया कि छूट बीएस 3 वाहनों पर दी जा रही है।
70 कारें बिक गईं
जिले में बीएस 3 मॉडल की 250 से ज्यादा कार, ट्रक, मिनी ट्रक, ट्रैक्टर आदि का स्टॉक डीलराें पर है। पहली अप्रैल से पंजीकरण बंद होने की खबर होने से कार ग्राहक पहले से ही खरीदारी में जुटे हुए थे। कार निर्माताओं ने 20 से लेकर 50 हजार रुपए तक की छूट दी है। बीएस 3 मॉडल की कार बेचने के लिए सिर्फ एक दिन बचा है। गुरुवार में करीब बीएस 3 की 70 कारें बिकीं। कार विक्रेता अनिल अग्रवाल का कहना है कि शुक्रवार तक ही बीएस 3 की कारें बिक पाएंगी। कामर्शियल वाहन सबसे ज्यादा प्रभावित हाेंगे क्याेंकि उनके खरीदार कम हैं। बीएस 3 के बचे हुए वाहन कंडम ही किए जाएंगे। मोटर साइकिल विक्रेता पंकज अग्रवाल का कहना है कि छूट मिलने की खबर से मारामारी रही। भीड़ रोकने के लिए शोरूम पर ताला भी लगाना पड़ा। स्कूटर विक्रेता गार्गी चौहान ने बताया कि दोपहर तक सारा स्टॉक खत्म हो गया, जिले भर में एक हजार से ज्यादा वाहनों की बिक्री हुई है।
31 मार्च तक खरीदे गए बीएस 3 वाहनों का पंजीकरण अप्रैल में हो जाएगा। बैक डेट में पंजीकरण न हो इसके लिए सतर्कता बरती जा रही है। हमारे यहां केवल दो पहिया वाहन और ट्रैक्टर ही बीएस 3 मॉडल के चल रहे थे। बीएस 3 मॉडल के कार बेचने पर अक्तूबर 2015 से पाबंदी लगी हुई है।
आरआर सोनी, आरटीओ