उत्तरायणी मेला आज से, आएंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, शहर में निकाली जाएगी रंगयात्रा
बरेली। उत्तरायणी मेला मंगलवार से बरेली क्लब मैदान पर शुरू हो रहा है। इसमें कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए देवभूमि के सांस्कृतिक दल पहुंचने लगे हैं। पिथौरागढ़ से आई छोलिया टीम ने सोमवार को मेला मैदान पर नृत्य प्रदर्शन से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। खटीमा का सांस्कृतिक दल भी पहुंच गया है। मेले में दूर-दराज से आए व्यापारी देर रात तक अपने स्टॉल लगाते रहे।
मेले का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंद्र नंद गिरी जी महाराज करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को सुबह 11:55 बजे पुलिस मैदान के हेलिपैड पर उतरेंगे। दोपहर 12 बजे मेले का उद्घाटन करेंगे और 12:50 बजे यहां से रवाना होंगे। स्वामी वीरेंद्र नंद महाराज सोमवार की रात ही शहर पहुंच गए।
मेला मीडिया प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि उद्घाटन से पहले कोतवाली से रंगयात्रा सुबह 10 बजे निकाली जाएगी। इसे महापौर डॉ. उमेश गौतम कोतवाली से हरी झंडी दिखाकर रवाना करंगे। मेले को अंतिम रूप देने के लिए अध्यक्ष अमित पंत, महामंत्री मनोज पांडेय, कोषाध्यक्ष कमलेश बिष्ट के नेतृत्व में उत्तरायणी मेला की टीम लगी रही। संवाद