बरेली। जवाबी दुर्गा जागरण में देर रात तक महामाई का गुणगान किया गया। युवा लोधी सभा के तत्वावधान में हुए जवाबी मुकाबले में कानपुर की पदमा एंड पार्टी और लखनऊ के सर्वेश साहसी एंड पार्टी के बीच मां की भेंटों का मुकाबला हुआ। एक के बाद एक देवी भजन ने लोगों को देर रात तक बांधे रखा। कालीबाड़ी में हुए जवाबी दुर्गा जागरण मुकाबले के बाद देर रात हुई कटपीस कार्यक्रम में दोनों पार्टियों को पांच-पांच मिनट का समय दिया गया। मुकाबला हर पल रोमांचक रहा। जागरण मुकाबला सुनने के लिए आसपास कस्बों और गांवों से भी लोग आए। संगठन के अध्यक्ष गौरव राजपूत ने बताया कि जवाबी जागरण मुकाबले की परंपरा करीब पचास साल पुरानी है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को धर्म और संस्कृति से परिचित कराकर उनकी ईश्वर के प्रति आस्था को बलवान करने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में दुर्गेश लोधी, दीपक राजपूत, राधेरमन लोधी, शरद कृष्ण, अनिल गुप्ता, रमेश, विनोद शर्मा, मनोज लोधी, मंगामल लोधी आदि उपस्थित थे।