बरेली। जिला अस्पताल में गर्मी और बदलते मौसम के कारण लगातार दूसरे दिन भी मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मरीज लंबी लाइन में खड़े दिखाई पड़े। अस्पताल खुलते ही ओपीडी से लेकर पर्चा काउंटर तक मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जहां लोगों को चिलचिलाती धूप और उमस के बीच घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। नए पुराने मिलाकर करीब 1700 पर्चा बने। डॉक्टरों को दिखाने के बाद भी राहत नहीं मिली और मरीजों को दवा काउंटर के बाहर भी दवाइयां लेने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।
मंगलवार को अस्पताल पहुंचे मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या सर्दी-जुकाम, तेज सिर दर्द, बुखार, डायरिया और पेट दर्द से पीड़ितों की रही। मौसम में आ रहे बदलाव की वजह से मौसमी बीमारियों ने पैर पसार लिए हैं, जिसके चलते हर उम्र के लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। चिकित्सकों के कक्षों के बाहर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। ओपीडी के साथ-साथ पैथोलॉजी लैब के बाहर भी सुबह से ही मरीजों और उनके तीमारदारों का तांता लगा रहा। डॉक्टरों ने मरीजों को सलाह दी है कि इस मौसम में खान-पान का विशेष ध्यान रखें, साफ पानी पीएं और धूप में निकलने से बचें ताकि इन बीमारियों की चपेट में आने से सुरक्षित रहा जा सके।