बरेली। जिले की पुलिस मुठभेड़ में अचूक निशाना लगा रही है। ये मुठभेड़ अक्सर रात के अंधेरे में होती हैं। दो साल में पुलिस की गोली 235 अपराधियों को घुटने के नीचे लगी। इनमें से करीब 210 मामलों में ये गोली बाएं पैर में लगी है। मुठभेड़ में 90 पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। ये इत्तेफाक ही है जो अधिकतर मामलों में बदमाशों की गोली पुलिसकर्मियों की सीधी बांह को छूकर निकल जाती है। मुठभेड़ के दौरान 375 अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
मुठभेड़ के 99 फीसदी मामलों में अपराधी का बढ़ा हौसला और पुलिस का सब्र साफ दिखाई देता है। मुखबिर की सूचना या गश्त के दौरान जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंचती है तो बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हैं। आत्मरक्षा के लिए पुलिस जवाबी फायरिंग करती है। बदमाश के पैर में गोली मार देती है। अंधेरे में होने वाली मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से घुटने से नीचे निशाना लगाए जाने की कहानी किसी के गले नहीं उतरती है।
मुठभेड़ के बाद अपराधियों पर जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की जाती है। इससे पुलिस को अपराधियों पर नकेल कसने में मदद मिलती है। पिछले कुछ समय से मुठभेड़ के मामले बढ़ने के बाद नकारात्मक चीजें भी सामने आई हैं।
इज्जतनगर की मुठभेड़ में घायल हुआ चोरी का आरोपी
हाल ही में कलापुर नहर के पास इज्जतनगर पुलिस रात में वाहन चेकिंग कर रही थी। संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। बाइक फिसलकर गिर गई तो पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की। इस पर बाइक सवार ने फायरिंग की और पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ मे बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं, बदमाश की गोली से सिपाही घायल हो गया था।
हत्यारोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दरोगा-सिपाही घायल
कुछ दिन पहले आंवला क्षेत्र में गोली मारकर अकरम की हत्या कर दी गई थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपी बंजरिया जंगल में छिपे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें सिपाही और दरोगा हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की तो तौफीक व अशफाक के बाएं पैर में गोली लगी।
फरीदपुर पुलिस ने गैंगस्टर को पकड़ा
पिछले महीने फरीदपुर पुलिस का सामना वांछित गैंगस्टर कासिम खां से हो गया। पुलिस ने मुठभेड़ कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर के मुकदमे में कासिम वांछित चल रहा था। साठा पुलिया के पास पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में कासिम के बाएं पैर में गोली लग गई।
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने की थी सख्त टिप्पणी
कुछ समय पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने हाफ एनकाउंटर (घुटने से नीचे गोली मारने) को लेकर पुलिस पर सवाल खड़े किए थे। श्रावस्ती के युवक के दोनों पैर में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी थी। आरोपी की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई कर कोर्ट ने सीबीआई को थाना प्रभारी की निशानेबाजी क्षमता की जांच करने के आदेश दिए थे।
मुठभेड़ के मामलों में चप्पल और बोरी की चर्चा
पुलिस मुठभेड़ को लेकर कई लोगों का मानना है कि पुलिस चप्पल रखकर पैर में गोली मारती है। दूसरी चर्चा यह है कि बोरी भिगोकर पैर पर रखकर गोली मारी जाती है। हालांकि इसका कोई प्रमाण नहीं है, इसलिए सत्यता की पुष्टि नही की जा सकती। बताया जाता है पुलिस की मुठभेड़ की कहानी में काफी झोल होते हैं। इसका फायदा अपराधियों को न्यायालय में भी मिलता है।
दो साल में दो बदमाशों को किया ढेर
बरेली पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया था। साल 2025 में भोजीपुरा क्षेत्र में पुलिस की गोली से संभल के शैतान उर्फ शाकिर उर्फ रोहित की मौत हो गई थी। इस साल की शुरुआत में इज्जतनगर के रहपुरा में सास और साले की हत्या के आरोपी अफसर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार दिया था।
वर्जन
जरूरी नहीं कि हर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ में ही पकड़े, सामान्य गिरफ्तारी का आंकड़ा इससे कई गुना ज्यादा है। जब अपराधी खुद बचने की कोशिश में पुलिस टीम पर फायर करता है तो पुलिस आत्मरक्षा में गोली चलाती है। ये आरोपी के किसी भी पैर में लग सकती है। मुठभेड़ से आरोपी के मन में कानून का खौफ पैदा होता है जो सभ्य समाज के लिए जरूरी है। - अनुराग आर्य, एसएसपी