पैर में लगी गोली, दरोगा और सिपाही भी छर्रे लगने से हुए घायल
भोजीपुरा। हत्या, दुष्कर्म, चोरी के मुकदमों में वांछित बदमाश सर्वेश सक्सेना उर्फ गुड्डू को पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली गुड्डू के बाएं पैर में लगी। वहीं, बदमाश की गोली लगने से दरोगा व सिपाही भी घायल हुए हैं। दरोगा व सिपाही का सीएचसी में इलाज चल रहा है, जबकि बदमाश को वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इंस्पेक्टर प्रवीन सोलंकी ने बताया कि सोमवार रात वह टीम के साथ गश्त कर रहे थे। तभी मझौआ गंगापुर रोड से सागलपुर की तरफ एक युवक बाइक से आता दिखाई पड़ा। पुलिस ने टोका तो बदमाश ने गोली चला दी। छर्रे लगने से एसआई रनवीर सिंह व सिपाही रिंकू भाटी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी। इससे वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सर्वेश उर्फ गुड्डू सक्सेना टांडाछंगा थाना शीशगढ़ का मूल निवासी है। फिलहाल, वह हाफिजगंज थाने के गांव भंडसर में रह रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या, दुष्कर्म, नकबजनी के पंद्रह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वह वांछित चल रहा था। उसकी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। उसके पास से 315बोर का तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए हैं। संवाद