सिंभावली (हापुड़)। थाना पुलिस ने फर्जी लूट के मामले में वांछित चल रहे 20 हजार के इनामी बरेली के जगतपुरा निवासी आयुष को गिरफ्तार किया है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि बरेली के नवादा शेखान निवासी वसीम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उल्लेख किया था कि वह अपने साथियों के साथ कपड़ों का काम करता है। 24 अगस्त को वह साथियों के साथ 25 लाख रुपये की शॉल और सााड़ियां लेकर उनको बेचने के लिए दिल्ली गया था। उचित दाम न मिलने के कारण वह और उसके साथी सारा माल लेकर बरेली लौट रहे थे। सिंभावली क्षेत्र में बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली। चाकू व तमंचे दिखाकर सामान लूट लिया। विरोध करने पर उसे और साथियों पीटा। कार भी क्षतिग्रस्त कर दी।
सीओ का कहना है कि जांच में लूट की घटना फर्जी पाई गई। इस मामले में वांछित चल रहे बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगतपुरा निवासी आयुष पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। सोमवार को उसे खुडलिया गांव के निकट हाईवे की सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ बरेली के बारादरी व कोतवाली में बलवा, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला करने के कई मामले दर्ज हैं। संवाद