बरेली-लखनऊ हाईवे पर ओम रेजिडेंसी के सामने ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर बाइक के नीचे दब गया। बाइक की टंकी से निकला पेट्रोल हाईवे पर फैल गया, जिसने चंद सेकेंड में आग पकड़ ली। बाइक के साथ युवक भी जिंदा जल गया। लोगों ने उसको बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। फरीदपुर थाने की पुलिस और यूपी 100 की गाड़ी पहुंची। फायर ब्रिगेड गाड़ी ने आग पर काबू पाया। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना जैतीपुर में गोविंदपुर के रहने वाले अरुण (18) की शादी बीती 13 फरवरी को जीतेश कुमार (35) की बेटी प्रियंका के साथ हुई थी। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अरुण और जीतेश बाइक पर बरेली की तरफ से लौट रहे थे। ओम रेजिडेंसी के सामने उल्टी दिशा से आई ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों हाईवे पर गिर पड़े। ससुर उछलकर थोड़ी दूरी पर गिरे, लेकिन अरुण बाइक के नीचे फंस गए। पेट्रोल गिरने से बाइक में लगी आग ने अरुण को भी चपेट में लिया। अरुण को बचाया नहीं जा सका, जबकि जीतेश कुमार के पैर झुलस गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।