कुतुबखाना के पास हकीम कन्हैया लाल वाली गली में वैष्णवी ट्रेडर्स के ग्रिल तोड़कर चोर आठ लाख रुपये की नकदी और चांदी समेट ले गए। छत के सहारे चोर दुकान तक पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, लेकिन अभी तक चोरों के बारे में सुराग नहीं मिल पाया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी गई है।
थाना प्रेमनगर के 39, शाहबाद निवासी संजय खंडेलवाल और उनके साथी राजीव चौरसिया का साझे में वैष्णवी ट्रेडर्स के नाम से पान मसाले का कारोबार है। उन्होंने दुकान में दो किलो चांदी भी रख रखी थी। संजय ने बताया कि शुक्रवार की रात को पड़ोस में खंडहर की तरफ से छत पर चढ़ने के बाद चोर जाल उठाकर नीचे उतर आए। दुकान का एंगिल तोड़कर गल्ले में रखे सात लाख रुपये और दो किलो चांदी चोरी करके उसी रास्ते से चले गए, जहां से आए थे। शनिवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे मार्केट का शटर खुला तो चोरी की जानकारी हो पाई। घटना की सूचना पर बिहारीपुर चौकी इंचार्ज सत्यप्रकाश सिंह मौके पर आ गए। उन्होंने पूरे मामले की छानबीन की। इसी बीच फील्ड यूनिट की टीम ने मौका का मुआयना किया। व्यापारी नेता विशाल मल्होत्रा और अनिल पाटिल भी मौके पर पहुंच गए। उनका कहना था कि व्यापारियों के साथ आए दिन वारदातें हो रही हैं। पुलिस को बाजारों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
दुकान में चोरी की घटना का मुकदमा लिखने के बाद चोरों की तलाश कराई जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। हमारी कोशिश यही है कि जल्द ही घटना का खुलासा हो जाए- समीर सौरभ, एसपी सिटी