एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एलएलएम की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले छात्र अलंकार उपाध्याय को विश्वविद्यालय ने एक साल के लिए निलंबित कर दिया है। वह दो सेमेस्टर तक विश्वविद्यालय कैंपस में घुस नहीं पाएगा। जांच समिति की रिपोर्ट पर कुलसचिव ने यह कार्रवाई की है।
पिछले साल नवंबर में विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में छात्र अलंकार उपाध्याय ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। आरोपी छात्र कासगंज का रहने वाला है। घटना के बाद वह हॉस्टल छोड़कर भाग गया था। छात्रा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विश्वविद्यालय ने मामले को जांच के लिए समिति गठित कर दी थी। करीब दो माह बाद जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंपी। इसके बावजूद विश्वविद्यालय कार्रवाई करने का मन नहीं बना पा रहा था जबकि जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में छात्र के निलंबन की संस्तुति की थी। मामला उछला तो कुलसचिव ने आरोपी छात्र को दो सेमेस्टर के लिए निलंबित कर दिया है। वह कैंपस परिसर में अब दो सेमेस्टर तक कदम नहीं रख पाएगा। कुलसचिव एके अरविंद ने बताया कि जांच समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई कर दी गई है। संबंधित पक्षों को भी इसकी सूचना दे दी है।