अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में एक दुकानदार समेत दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक हादसा सुभाषनगर और दूसरा आंवला इलाके में हुआ।
करीब 33 वर्षीय संजय सिंह बिशारतगंज इलाके के बलई गांव के रहने वाले थे। वह करगैना में मोबाइल की दुकान है। इसके चलते वह सुभाषनगर में रहते थे। पुलिस के अनुसार रविवार को संजय सिंह अपने गांव गए थे। उनके साथ उनका दोस्त महेश भी गया था। वहां से लौटते समय उनकी बाइक को एक भारी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें संजय गंभीर रूप से घायल हुए थे। महेश को भी चोटें आई थीं। फौरन दोनों को मिशन अस्पताल ले जाया गया। जहां संजय को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं सैटेलाइट से सवारियां लेकर जंक्शन जा रहा आटो चौकी चौराहे पर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। आटो में सवार लोग घायल हो गए। घायलों में लखीमपुर खीरी की नजीरन, उसका बेटा शाहरुख और बहन नजमा शामिल हैं।
बाइक ट्रैक्टर की भिड़ंत में एक की मौत
आंवला। मुशराह गांव निवासी 28 वर्षीय विजय शर्मा अपने तीन वर्षीय बेटे सूर्यांश को आंवला दवा दिलवाने जा रहे थे। लौटते समय बंदायू रोड पर पनवड़िया गांव के पास उनकी बाइक में सामने से आए ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इसमें विजय को गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बेटे सूर्यांश को भी चोटें आईं। विजय को फौरन जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।