फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जश्न मनाने के चक्कर में जेल पहुंच गए सपा नेता

Wed, 18 Jan 2017 12:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
The SP leader celebratory affair jail - फोटो : बरेली, अमर उजाला
विज्ञापन
सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मौलाना हनीफ उर्फ मौलाना बुलट को अखिलेश गुट को पार्टी का सिंबल मिलने की खुशी का जश्न दंबगई के साथ मनाना भारी पड़ गया। पड़ोसी ने उन पर आरोप लगाया है कि सपा का बैनर-झंडा न लगाने और अखिलेश के समर्थन में आतिशबाजी का विरोध करने पर उन्होंने उसके घर में घुसकर कहर बरपाया। तोड़फोड़ की और घरवालों को जमकर पीटने के बाद चाकू से भी वार किया। आरोप है कि महिलाओं और बेटियों के कपड़े फाड़े गए। नेता के साथियों ने घर पर पथराव भी किया। यूपी 100 पहुंची तो मौलाना को मौके पर ही पकड़ लिया गया। नेता ने थाने में भी रौब दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने मौलाना समेत पांच के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, चाकू से हमला करने, तोड़फोड़, गाली गलौज आदि धाराओं में रिपोर्ट लिखी। देर शाम दो बेटों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 
विज्ञापन

देवरनियां के भुड़वा गांव के रहने वाले मौलाना बुलेट ने अखिलेश को सपा और सिंबल मिलने की खुशी में सोमवार की रात गांव में झंडे और बैनर भिजवाये थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने अपने घर में झंडे लगाने से इनकार किया तो उन्हें धमकी दी गई। रात आठ बजे मौलाना ने गांव के ही मुख्तार उर्फ नन्हे के घर के आगे आतिशबाजी छोड़नी शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर बुलेट ने मारपीट शुरू कर दी। गांव के कुछ लोगों के बीच बचाव से मामला शांत हो गया। आरोप है कि मंगलवार सुबह को मौलाना बुलेट, उसका बेटा सलीम, शरीफ, नईम और पड़ोसी जुनैद समेत करीब दस लोगों को लेकर मुख्तार के घर में घुस गए। करीब एक घंटे तक दहशत फैलाते रहे। मौलाना बुलेट के कहने पर मकान में मिट्टी तेल डालकर आग लगाने की कोशिश भी की गई। इस बीच मुख्तार की बेटी ने सौ नंबर डायल कर पुलिस बुला ली। पुलिस मौलाना बुलेट को पकड़कर थाने ले आई। मुख्तार की तहरीर पर मौलाना बुलेट, बेटे सलीम, शरीफ, नईम और पड़ोसी जुनैद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मुख्तार और उसके परिवार के लोगों को इलाज के लिए सीएचसी बहेड़ी भेजा गया। शाम को मौलाना के बेटे शरीफ और सलीम को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 

झंडा नहीं लगाया तो बम से उड़ा दूंगा
मुख्तार देवरनियां थाने में चीख-चीख कर कह रहा था कि दो दिन पहले मौलाना ने सपा के झंडे और बैनर गांव में भेज थे। उसने धमकी दी थी कि यदि घरों की छतों में झंडे बैनर नहीं लगाए तो बम से उड़ा देगा। 
विज्ञापन


पैरवी में जुट गए सपा नेता
बताया जा रहा है कि मौलाना बुलेट को बचाने के लिए सपाइयों ने पूरा जोर लगाया। धाराएं कम करने की कोशिश की गई। दूसरी तहरीर लिखवाने की कोशिश होने लगी लेकिन अधिकारियों के फोन घनघनाने के बाद देवरनियां पुलिस बैक फुट पर आ गई। आनन-फानन में मुकदमा कायम कर दोनों बेटों को भी पकड़ लिया गया। 

सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंच गई। बाकी दो आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। इस तरह का आतंक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आचार संहिता का पालन सख्ती से कराएगी। 
विज्ञापन

- दिनेश चंद्र गौड़, एसओ, देवरनियां।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें