शराब पीकर हुए झगडे़ में चार लोगों ने एक ग्रामीण की पिटाई कर जान ले ली। इस मामले में बीडीसी सदस्य समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके बाद से आरोपी घर से फरार हो गए हैं।
मामला अलीगंज थाने के अनुरुद्धपुर गांव का है। गांव में ही बीडीसी सदस्य दौलत मौर्य का झाला है। बताया जाता है कि यहां शाम को लोग बैठकर शराब पीते हैं। मंगलवार शाम दौलत मौर्य अपने साथी हृदयेश तिवारी, कल्लू, कल्लू उपाध्याय के साथ शराब पी रहा था। इस दौरान 45 वर्षीय कुमरपाल भी शराब पीकर वहां पहुंच गया। नेश में चूर पांचों लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। दौलत और उसके साथियों ने कुमर पाल को पीट दिया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया। कुमरपाल की पत्नी राजेश्वरी ने दौलत मौर्य, ह्दयेश तिवारी, कल्लू और कल्लू उपाध्याय के खिलाफ रात में ही जानलेवा हमले के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार को कुमर पाल ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद मामला हत्या की धाराओं में तरमीम किया गया। कुमरपाल की दो बेटियां और तीन बेटे हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है।