रिछा। जहानाबाद मार्ग पर बुधवार देर शाम पीलीभीत की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे टैंकर ने सामने से आ रही बाइक पर सवार दो सगे भाइयों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने शक के आधार पर तीन टैंकरों को कब्जे में ले लिया है। बहेड़ी थाने के गांव भैरपुरा निवासी अमीर अंसारी के पुत्र अकलीम (22) और नदीम (18) बुधवार की देर रात सात बजे अपने गांव से गांव पैगा में अपनी बहन फरजाना के घर ईदी मिलने बाइक से जा रहे थे। रिछा-जहानाबाद मार्ग पर दमखोदा टंकी के पास सामने से आते तेज रफ्तार टैंकर ने दोनों को बुरी तरह कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर तेजी से आगे बढ़ गया। मौके पर काफी भीड़ गई। मृतकों की जानकारी होने पर उनके घर सूचना दी गई। बताते हैं कि दोनों भाई फर्नीचर का कारोबार करते थे। वह आठ भाई बहन थे। अकलीम दूसरे व नदीम चौथे नंबर का था। उनके अन्य भाई हनीफ, वसीम, हसीन व बहनें फरजाना, रिजवाना और शबाना हैं। दोनों भाईयों को कुचलने के बाद फरार टैंकर को पकड़ने के लिए रिछा चौकी पुलिस ने रिछा स्टेशन पर नाकाबंदी कर दी। वहां से गुजर रहे तीन टैंकरों को शक के आधार पर रोक लिया। एसओ देवरनियां गजेंद्र त्यागी ने बताया कि उन्हीं टैंकरों में से संबंधित टैंकर का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।