शहर में तेज रफ्तार ट्रकों में एक सप्ताह में दो लोगों की जान ले चुके हैं। रविवार देर रात इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास रोड पर एक बेकाबू ट्रक ने 30 वर्षीय साइकिल सवार युवक को कुचलने से मौत होने पर बवाल हो गया। जबकि साइकिल पर बैठा उनका बेटा समेत दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार की सुबह हादसे से गुस्सा भीड़ ने तुलाशेर पुर के पास सड़क जाम कर दी। उन्होंने ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। इंस्पेक्टर रामगोपाल शर्मा के समझाने पर मामला शांत हो गया।
थाना इज्जतनगर के तुलाशेरपुर की बीडीए कालोनी में सियाराम का परिवार रहता है। सियाराम ने बताया कि रविवार को उनके भतीजे का तिलक कार्यक्रम था। सियाराम के छोटे भाई का घर बीडीए कालोनी से कुछ दूरी पर तुलाशेरपुर में ही है। बताया कि देर रात तक चले कार्यक्रम के बाद उनका परिवार घर लौट रहा था। उनके बड़े बेटे संतोष (30) ने अपने छोटे भाई राजन(11) और बेटा अभिषेक (8) को साइकिल पर बैठा लिया और घर की ओर जाने लगे। जबकि सियाराम अपनी पत्नी व अन्य परिजनों समेत पैदल ही घर जा रहे थे। सियाराम ने बताया कि जब संतोष साइकिल से बजरंग ढाबा के पास बड़ा बाईपास चौराहा पर पहुंचे तो सड़क पार करते समय एक ट्रक ने उन्हें टक्कर दी। स्थानीय लोग तुरंत ही इकट्ठे हो गए, तब तक पैदल चल जा रहा संतोष का परिवार भी घटना स्थल पर पहुंच गया। संतोष को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दो बच्चों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। संतोष एक कार वर्कशॉप में प्राइवेट नौकरी करते थे, उनके तीन छोटे बच्चे हैं।
आधा घंटे में मान गई भीड़
-बेकाबू ट्रक का काल बने संतोष के परिजनों ने गुस्सा जाहिर करते हुए पीलीभीत बाईपास बजरंग ढाबे के आगे तुलाशेर पुर के सामने सोमवार की सुबह जाम लगाया। संतोष के चाचा विनोद का कहना है कि अगर रोड पर बेक्रर होता तो ट्रक की रफ्तार बहुत तेज न होती। सभी ने मांग की कि चौराहे के पास की रोड पर बेक्रर बनवाए जाएं। इंस्पेक्टर ने मौके से ही लोक निर्माण विभाग के अफसरों से ब्रेकर बनाए जाने की बात करके भीड़ को आश्वासन दिया।