बरेली। जंक्शन रोड पर दुकान लगाने को लेकर दो दोस्तों में मारपीट होने पर हंगामा हो गया। खुराफातियों ने इस मामूली विवाद को सांप्रदायिक रंग देने का असफल प्रयास भी किया। थाने में सुबह से ही दोनों पक्षों के लोगों का हुजूम लग गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता करा दिया।
थाना सुभाषनगर इलाके में जंक्शन रोड पुलिस चौकी के पास मुस्तफा नगर का रहने वाला राम काउंटर लगाकर चाय और समोसे आदि बेचता है। शुक्रवार को इसी मोहल्ले में रहने वाले राम के दोस्त इमरान ने उसी स्थान पर अपना काउंटर लगा दिया। इसी को दोनों में शुरू हुई कहासुनी के बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान राम और इमरान ने परिवारवालों को बुलाकर हंगामा शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में कुछ खुराफातियों ने दोस्तों की इस लड़ाई को सांप्रदायिक रंग देने का असफल प्रयास शुरू कर दिया। राम की तरफ से शिवसेना समेत कई हिंदू संगठनों के लोग थाने पहुंच गए। वहीं इमरान ने अपनी तरफ से कई जिम्मेदार लोगों को बुला लिया। थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में ही नोकझोंक होती रही। दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों के समझाने पर दोनों लोग शांत हो गए। पुलिस ने दोनों का लिखित में समझौता करा दिया।
जिन लड़कों में विवाद हुआ था, वे दोनों दोस्त थे। दोनों को बैठकर समझाया तो उनमें समझौता हो गया।
-सतीश यादव, थानाध्यक्ष