बरेली। बारादरी इलाके में सक्रिय उचक्कों ने टेंपो में व्यापारी समेत दो लोगों की जेब काट ली। व्यापारी ने बारादरी थाने में घटना की तहरीर दे दी है। पलिया कलां (लखीमपुर खीरी) के मोहल्ला बाजार निवासी राजेश कुमार गुप्ता प्रिंटिंग व्यवसायी हैं। उन्होंने चुनाव के समय प्रचार सामग्री छापने को बरेली के व्यापारी अंकुश कुमार, विनीत कुमार आदि से पेपर उधार लिया था। भुगतान देने राजेश गुप्ता बुधवार सुबह साढ़े दस बजे बरेली आए थे। वह पलिया कलां से सेटेलाइट बस स्टैंड तक रोडवेज बस से आए थे। सेटेलाइट से वह टेंपो में सवार होकर पुराना रोडवेज के लिए जा रहे थे। टेंपो में सवार उचक्के ने उनकी जैकेट की जेब काटकर उसमें रखे 60 हजार रुपये चुरा लिए। अंकुश और विनीत की दुकान पर पहुंचकर जब राजेश ने भुगतान देने को जेब में हाथ डाला तो रकम गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने बारादरी थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। राजेश गुप्ता ने बताया कि उनके साथ ही बैठे एक अन्य व्यक्ति की जेब से भी 12 हजार रुपये गायब हो गए, लेकिन यह व्यक्ति थाने में शिकायत करने नहीं आया।