फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रैगिंग के आरोपी छात्रों पर चार्जशीट

Wed, 31 Aug 2016 01:13 AM IST
ब्ययूराो, अमर उजाला बरेली।
विज्ञापन
विज्ञापन
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्र से रैगिंग के आरोपी सभी आठ छात्रों के खिलाफ जांच कमेटी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह विश्वविद्यालय की अनुशासन कमेटी को सौंपी जाएगी। कमेटी ही उन पर कार्रवाई का निर्णय लेगी। भुक्तभोगी छात्र के बयान के आधार पर जांच कमेटी ने पाया है कि आरोपी छात्रों ने चार अन्य जूनियर छात्रों की भी रैगिंग की थी। जांच कमेटी ने शिकायतकर्ता और आरोपियों के बयान लिये हैं। सूत्रों ने बताया कि अपने बयान में उन्होंने गलती स्वीकार की है। पछतावा भी जाहिर करते हुए माफ करने का अनुरोध किया। अब आठों आरोपियों को सस्पेंड किया जा चुका है। अनुशासन कमेटी के निर्णय तक उनको प्रतिदिन चीफ प्राक्टर के समक्ष हाजिर होना है।
विज्ञापन

रैगिंग के शिकार ईआई फर्स्ट ईयर के छात्र की शिकायत की जांच पिछले तीन दिन से चल रही थी। जांच कमेटी ने भुक्तभोगी के बयान के बाद आरोपी आठों छात्रों के बयान भी लिए। भुक्तभोगी नवीन छात्रावास में रहता है। उसने जांच कमेटी को बताया कि उसके अलावा भी उसकी क्लास के चार अन्य छात्रों के साथ आरोपियों ने रैगिंग की। हालांकि उसने उनके नाम नहीं बताए हैं। जांच कमेटी ने बाकी जूनियर छात्रों से कहा भी कि उनमें से जिनके साथ रैगिंग हुई है। वे भी शिकायत करें लेकिन फिलहाल कोई सामने नहीं आया है। कमेटी के सदस्यों का मानना है कि अगर बाकी चार छात्र सामने नहीं भी आते हैं तो भी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य पर्याप्त हैं। जांच कमेटी के अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करनी है, इसका निर्णय विश्वविद्यालय की अनुशासन कमेटी करेगी। इस कमेटी के पदेन अध्यक्ष चीफ प्राक्टर हैं।


शिकायत वापस करने से इंकार
शिकायतकर्ता के अभिभावकों ने चीफ प्राक्टर से मुलाकात करके शिकायत वापस करने का अनुरोध किया। कहा कि अपने बच्चे के भविष्य को देखते हुए वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते लेकिन चीफ प्राक्टर ने साफ कह दिया कि उनकी शिकायत अब वापस नहीं हो सकती। अगर शिकायत को झूठा बताकर वापस लेने को कहा जाएगा तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
विज्ञापन



कराई जाने लगी वीडियोग्राफी
रैगिंग का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय अलर्ट हो गया है। भविष्य में ऐसी घटना होने पर रैगिंग करने वालों की पहचान कराने में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए वीडियोग्राफी मंगलवार को शुरू करा दी गई। चीफ प्राक्टर ने ईआई और ईसी के सारे क्लास में छात्र-छात्राओं की वीडियोग्राफी कराई। चीफ प्राक्टर प्रो. कुकरेती ने बताया कि अब कभी रैगिंग का मामला सामने आने पर इसी वीडियो से दोषियों की पहचान करा ली जाएगी।


कैंपस से बाहर के लोगों को खदेड़ा गया
विश्वविद्यालय प्राक्टोरियल बोर्ड ने कैंपस के एकेडमिक एरिया में बाहरी लोगों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। हां प्रशासनिक भवन पर किसी के भी जाने पर कोई रोक नहीं है। मंगलवार को प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने प्रशासनिक भवन के पास लगे बैरियर से गेट नंबर तीन तक इधर-उधर घूम रहे लोगों से पूछताछ की। सभी से आईकार्ड मांगे गए, जो नहीं दिखा सके, उनको हिदायत देकर कैंपस से बाहर किया गया।

कोट...
जांच कमेटी की रिपोर्ट आने पर निर्णय लेंगे। अगर आरोपी छात्र दोषी होंगे तो कार्रवाई करेंगे। भविष्य में रैगिंग न हो पाए इसके लिए कड़े कदम उठा रहे हैं।
-प्रो. बीआर कुकरेती, चीफ प्राक्टर




नोट्स के बहाने बुलाया, ठुमके लगवाए
दो बार हुई पांच जूनियर के साथ रैगिंग
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। रैगिंग के भुक्तभोगी छात्र ने जांच कमेटी के समक्ष दिए बयान में आठों छात्रों की कारगुजारी बयां की। कहा उसको और चार अन्य सहपाठियों को नोट्स के बहाने बुलाया गया लेकिन नोट्स के बजाय उनसे ठुमके लगवाए गए। भुक्तभोगी ने कहा कि दो बार रैगिंग की गई। सबसे पहले रैगिंग 16 अगस्त को हुई। नवीन छात्रावास से उनको बुलाकर तुलसीनगर स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में ले जाया गया। आरोपी सीनियर छात्रों में से तीन उसको और चार अन्य जूनियर छात्रों को बुलाकर ले गए। वहां पांच और सीनियर छात्र थे। उन्होंने खाने-पीने का स्पेशल इंतजाम किया हुआ था। पहले उन्हें भी खाना खिलाया फिर बोले- डांस करना आता है या नहीं। इंकार किया तो ठुमके लगाने को कहा। डांटा-डपटा भी। यह भी कहा कि तुम देहाती हो अंग्रेजी भी नहीं आती है। इसके बाद पांचों जूनियर्स की परेड कराई गई। भुक्तभोगी छात्र ने बताया है कि जन्माष्टमी वाली शाम को भी उनको बुलाकर प्राइवेट हास्टल में ले जाया गया। वहां भी ठुमके लगवाए गए। आरोपी छात्र ईआई द्वितीय वर्ष के हैं। जांच कमेटी के अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र कुमार का कहना है कि बाकी चारों भुक्तभोगी के नाम जानने की जिम्मेदारी क्लास के सीआर को दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें