ट्रैफिक पुलिस के सिपाही और एक टेंपो चालक में बीच सड़क पर शनिवार को खूब हाथापाई हुई। पुलिस टेंपो चालक को पकड़कर थाने ले गई। इसके बाद शांतिभंग में चालान कर दिया गया। सिपाही और चालक के बीच विवाद टेंपो हटाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हाथापाई होना बताया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही जुगेंद्र सिंह की शनिवार को चौपुला ओवरब्रिज तिराहा पर ड्यूटी लगी थी। जुगेंद्र के मुताबिक पूर्वाह्न करीब 11 बजे उधर से गुजरे एसपी ट्रैफिक ने कांवड़ियों की भीड़ के चलते पुल पर टेंपो खड़ा करने को मना किया था। उनके चले जाने के बाद तीन-चार टेंपो चालक खड़े होकर सवारियां बैठाने लगे। जुगेंद्र के मना करने पर बाकी तो चले गए, लेकिन उनमें एक टेंपो चालक आनाकानी करने लगा। कहासुनी होने पर चालक गाली गलौज पर उतर आया। इससे दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसके बाद पुलिस वाले चालक को टेंपो समेत कोतवाली ले गए। जहां सिपाही की ओर से चालक के खिलाफ तहरीर दे दी गई। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज करने के बजाय ऑटो चालक का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।