गोवंशीय पशु तस्करों के हौसले पूरी खत्म नहीं हो पाए हैं। बुधवार रात रामपुर की ओर जाते एक मिनी ट्रक का पीछा करने पर एक सिपाही को कुचलकर मार डाला। इससे पहले मिनी ट्रक के दरवाजे पर लटकने पर उसके सिर पर तब तक कई वार किए गए जब तक सिपाही नीचे नहीं गिर गया।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बुधवार रात करीब तीन बजे पशुओं से लदी डीसीएम रामपुर की तरफ जा रही थी। सीबीगंज थाने में तैनात दरोगा विक्रम सिंह और सिपाही संजीव कुमार ने उसका पीछा किया तो पशु तस्कर पुलिसकर्मियों पर हमलावर होने से नहीं चूके। फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा के पास खुद को घिरा देखकर पशु तस्करों ने पिकअप को मोड़कर बड़ा बाईपास की तरफ भागने की कोशिश की तो सिपाही संजीव कुमार दौड़कर पिकअप की चाबी निकालने के लिए दरवाजे से लटक गए। पशु तस्करों ने उन्हें नीचे गिराने के लिए सिर पर कई वार किए। उनके नीचे गिरते ही तस्करों ने उन्हें पिकअप से रौंद दिया और भाग निकले।
परसाखेड़ा चौकी में तैनात दरोगा विक्रम सिंह ने घटना की सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद हाईवे पर बैरियर लगाकर तस्करों की तलाश की गई लेकिन तस्कर हाथ नहीं आए। सिपाही संजीव कुमार के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन लाया गया। एडीजी प्रेमप्रकाश, आईजी ध्रुवकांत ठाकुर, एसएसपी मुनिराज जी. ने सलामी देकर सिपाही के शव को उनके मूल निवास अमरोहा के लिए भिजवा दिया।
पशु तस्करों से मोर्चा लेते हुए सिपाही ने जान गंवाई है। यह दुखद घटना है। परिवार के साथ मेरी सहानुभूति हैं। पशु तस्करों के खिलाफ हम सघन अभियान चलाएंगे। - मुनिराज जी. एसएसपी बरेली