बारादरी पुलिस सोती रही और चोर शहामतगंज बाजार में किराना की दो दुकानों के ताले तोड़कर साढ़े पांच लाख रुपये का माल समेट ले गए। व्यापारियों ने तहरीर पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। हालांकि पुलिस ने अभी तक मुकदमा नहीं लिखा है। पुराने शहर निवासी फय्याद अली उर्फ रानू की शाहमतगंज चौराहे के पास रजा किराना स्टोर के नाम से दुकान है। चोरों ने शुक्रवार की आधी रात के बाद दुकान के आगे लगे लोहे के एंगिल को तोड़कर शटर उठा लिया। चोर उनकी दुकान से दो लाख रुपये, 40 हजार रुपये का सोने का गिफ्ट, 70 चांदी के सिक्के आदि सामान समेट ले गए।
इसके अलावा फय्याद के पड़ोस में गंगापुर पीलीकोठी निवासी महेश चंद्र की किराना की दुकान है। फय्याद के बाद चोरों ने पड़ोसी के रमेश चंद्र महेश चंद्र किराना स्टोर के गोदाम को निशाना बनाया। चोर तीसरी मंजिल पर बने उनके गोदाम में नकब लगाकर घुस गए और करीब 45 हजार रुपये की नकदी और एक लाख का सामान समेट ले गए। महेश चंद्र शनिवार को दुकान खोलने को पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की तो फय्याज अली भी आ गए। मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए दोनों ही दुकानदारों ने तहरीर दे दी है।
एलसीडी भी तोड़ डाली
रानू की दुकान में चोरी करने वालों ने कोई जानकार जरूर था। चोरों को शायद पहले से ही पता था कि एसलीडी तोड़ने के बाद सीसीटीवी ठप हो जाएंगे इसलिए उन्होंने आते ही उस पर हमला किया। एलसीडी के साथ उन्होंने दुकान की लाइटें भी तोड़ दीं। चोरों ने आते ही सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए थे।