थाना सीबीगंज इलाके में दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे सराफ देवेंद्र रस्तोगी से रास्ते में बदमाश 89 हजार रुपये की नकदी और जेवर समेत 10 लाख रुपये का माल लूट ले गए। बदमाशों ने उन्हें रस्सी के सहारे डंडा मारकर गिराने के बाद लूटपाट का विरोध करने पर डंडे और तमंचों की बटों से पीटा भी है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम परधौली के रहने वाले वीरेंद्र रस्तोगी की अपने गांव से चार किलोमीटर दूरी पर घुमसा गांव में ज्वैलरी की दुकान है। सोमवार की शाम करीब छह बजे वीरेंद्र रस्तोगी बाइक पर सवार होकर कच्चे रास्ते से घर के लिए चले थे। इस दौरान बीच रास्ते में चरी के खेत से निकले चार बदमाशों ने रस्सी के सहारे उनकी बाइक रोककर सिर में डंडा मारकर गिरा लिया। इस दौरान गिरने से वीरेंद्र की बाइक भी गिर गई। वीरेंद्र के गिरते ही बदमाशों ने लूटपाट शुरू की तो उन्होंने विरोध कर दिया। इससे गुस्साए बदमाशों ने वीरेंद्र की बेरहमी से पीटा जिससे वह बेहोश हो गए। इस बीच बदमाश उनकी जेब से 89 हजार रुपये और थैले से 250 ग्राम सोने के जेवरात और चार किलो चांदी लूटकर ले गए। पास के खेतों में काम करने वाले कौशिक गंगवार घायल वीरेंद्र कुमार को लेकर गांव पहुंच गया। वहां से ऑटो रिक्शा से वीरेंद्र को जिला अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना पर एसओ राकेश सिंह मौके पर पहुंचकर छानबीन की। एसपी सिटी समीर सौरभ ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की कौशिक गंगवार से बात की। साथ ही पुलिस की एक टीम को छानबीन के लिए घुमसा गांव भेज दिया। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशों के बारे में पता कराया जा रहा है। ऐसा लग रहा है कि बदमाश घुमसा गांव से ही वीरेंद्र के पीछे बदमाश लगे हुए थे। रैकी करके घटना को अंजाम दिया गया है।