रिठौरा-भोजीपुरा रोड बदमाशों का नया ठौर बनता जा रहा है। बदमाश राह चलते लोगों को निशाना बना रहे हैं। बृहस्पतिवार देरशाम आठ बजे ईदगाह के पास घात लगाए सात लुटेरों ने छह राहगीरों को बंधक बनाकर लूट लिया। विरोध करने पर उनसे मारपीट भी की गई। एक राहगीर के भाग जाने पर फायर भी झोंका मगर उसकी जान बच गई। पुलिस ने मौका मुआयना तो किया मगर रिपोर्ट नहीं लिखी। हाफिजगंज के गुपलापुर गांव के मौसम खां और अशफाक खां शादी समारोह की दावत में तुलसीपुर जा रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे सात लुटेरों ने बाइक रोककर दोनों को गिरा दिया और रस्सी से बांध दिया। विरोध करने पर मारपीट भी की। इसके बाद 8750 रुपये और मोबाइल लूट लिया। मोहरनिया गांव के विपिन और सोवरन की बाइक को भी इसी अंदाज में रोककर लूटपाट की। शाहपुर पट्टी गांव का झनकार और उसका साथी भी बदमाशों के निशाने पर आ गए। झनकार किसी तरह भाग निकला। यह देख एक बदमाश ने फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली झनकार को नहीं लगी। वह शोर मचाते हुए अपने साथ ग्रामीणों को ले आया। तब तक लुटे-पिटे लोगों को छोड़कर बदमाश भाग गए थे। अशफाक खां ने रिठौरा पुलिस चौकी पर शिकायत की तो चौकी प्रभारी विशाल प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे मगर लुटेरों का सुराग नहीं लगा।
डीसीएम के ड्राइवर से भी 12 हजार लूटे
ईदगाह के पास लूटपाट करने के बाद बदमाश हाइवे पर रुहेलखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास निर्माणाधीन पुलिया पर पहुंच गए। वहां से गुजर रहे डीसीएम को रोका। ड्राइवर ने रोके जाने का कारण पूछा तो उस पर तमंचा तान दिया। इसके बाद ड्राइवर और हेल्पर को तमंचा दिखाकर मुंह बंद रखने की धमकी दी और जेब में रखे 12 हजार रुपये लूट लिए।