मैलानी से बरेली जा रही रोडवेज बस में मंगलवार शाम चार बजे कंडक्टर और महिला सवारी के बीच विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुए विवाद में कंडक्टर ने महिला के पति की पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नवाबगंज (बरेली) के जिगनिया भगवंतपुर निवासी महेंद्र मंगलवार दोपहर को मैलानी से बरेली डिपो की बस में सवार होकर बरेली के लिए निकले। उनके साथ पत्नी रेनू और दो साल की बेटी शिवानी थी। शाम करीब चार बजे बस बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर खदनिया गांव के पास पहुंची थी कि सीट को लेकर कंडक्टर और रेनू के बीच कहासुनी हो गई। दोनों के बीच बहस होने लगी। इसके बाद जब पति ने शांत कराने की कोशिश की तो आरोप है कि कंडक्टर ने महेंद्र की पिटाई कर दी। इसके बाद रेनू से भी हाथापाई की गई। मौजूद अन्य सवारियों ने मामला शांत कराया। इसकी सूचना दंपति ने यूपी 100 पर दी। जिसके बाद कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कंडक्टर व दंपति को लेकर थाने आ गई। यहां दोनों पक्षों को सुनने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई की है। एसओ सीपी शुक्ला ने बताया कि महेंद्र से मिली तहरीर पर बस के कंडक्टर बारादरी (बरेली) के मोहल्ला कोट पुराना शहर निवासी फैजान रजा खां पुत्र हसनैन रजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। उधर बरेली डिपो के एआरएम एसके वर्मा ने बताया कि बिलसंडा पुलिस से घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कर आरोपी कंडक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।