उधार के रुपये का तगादा करने पर एक दबंग ने अपने बेटे के साथ मिलकर चावल व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के बीच जमकर हुई मारपीट के बाद लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। घटना की रिपोर्ट चावल व्यापारी ने दबंग और उसके बेटे के खिलाफ संगीन धाराओं में दर्ज कराई है। नगर के मोहल्ला गंगा मंदिर वार्ड 10 के निवासी सभासद पति नूर इस्लाम पुत्र अब्दुल समद चावल व्यापारी हैं। आरोप है कि नगर के मोहल्ला नई बस्ती मियां की मस्जिद निवासी रियाज अहमद अंसारी ने नूर इस्लाम से दो साल पहले चावल खरीदा था, जिसका 1350 रुपये उधार कर दिया था। चावल व्यापारी दो साल से अपने चावल का पैसा मांग रहे थे, लेकिन आरोप है कि रियाज रुपये नहीं दे रहे थे। शनिवार की रात 11 बजे चावल व्यापारी ने रियाज अहमद से एक बार फिर तगादा किया, जिससे नाराज होकर वह चावल व्यापारी के साथ गाली गलौज कर मारपीट पर उतर आए। बाद में रियाज अहमद ने अपने बड़े बेटे नामालूम के साथ आकर जानलेवा हमला कर दिया।
प्रथम जांच में मामला मारपीट का लग रहा है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाये जाने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
- सीओ पीतम पाल सिंह